टीम इंडिया की सफलता की कहानियों में कई बार कुछ खिलाड़ियों के योगदान को अनदेखा क्यों कर दिया जाता है ? गौतम गंभीर हों, युवराज सिंह हों या मोहिंदर अमरनाथ, ये वो खिलाड़ी हैं, जिन्हें क्रेडिट नहीं मिली, पर इन्होंने अपना काम भरपूर किया. अभी हाल में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब अपने नाम करने में कामयाब हुई. 29 जून 2024 को बारबाडोस की धरती पर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया. टीम इंडिया के इस ऐतिहासिक जीत में कई खिलाड़ियों का योगदान रहा. रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या हर किसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मैच में काफी शानदार योगदान दिया, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत का क्रेडिट एक खिलाड़ी को जितना मिलना चाहिए था उतना नहीं मिला. यहां बात टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की हो रही है. जसप्रीत बुमराह से साथ क्या हुआ इस समझने के लिए आपको ये समझना जरूरी है कि बुमराह ने इस मैच में क्या किया और कैसे टीम इंडिया ने बारबाडोस की धरती पर इतिहास रचा.

दरअसल टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 का फाइनल मैच खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया. मैच का आखिरी पल खासकर जसप्रीत बुमराह के कारण ही टीम इंडिया के पक्ष में गया, लेकिन बुमराह को वह सराहना नहीं मिली जिसके वे हकदार थे. फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत में विराट कोहली की 76 रनों की पारी, हार्दिक पांड्या की बेहतरीन गेंदबाजी और अक्षर पटेल के वो अहम 47 रन, बुमराह की शानदार गेंदबाजी बहुत सारे फैक्टर्स इन्वॉल्व हैं. विराट कोहली जो पुरे टूर्नामेंट में बल्ले से खामोश थे उन्होंने फाइनल मैच शानदार पारी खेली जिसकी खूब सराहना की गयी. यहां तक कि उन्हें प्लेयर ऑफ दी मैच भी चुना गया. कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी की सराहना हो रही है. हार्दिक पांड्या की 3 विकेट, जिसमें हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर के महत्वपूर्ण विकेट शामिल थे, को भी खूब सराहा गया. लेकिन जब दक्षिण अफ्रीका को 30 गेंदों में 30 रन चाहिए थे, तब जसप्रीत बुमराह ने केवल 4 रन देकर एक शानदार ओवर डाला और भारतीय टीम को मैच में वापस ला दिया. उनके इस अहम योगदान को नजरअंदाज कर दिया गया. बुमराह जब फाइनल मैच में 16 ओवर डालने आये थे तब साउथ अफ्रीका के 2 सबसे खतरनाक बल्लेबाज क्लासेन और डेविड मिलर क्रीज़ पर मौजूद थे. अफ्रीकी टीम ने लगभग खिताब जीत लिया था. 30 पर 30 रनों की जरुरत थी. बुमराह ने उस ओवर में सिर्फ 4 रन खर्च किये. जबकि उससे एक ओवर पहले ही अफ़्रीकी बल्लेबाजों ने 24 रन खर्च जोड़ लिए थे. बुमराह के इस ओवर के बाद अफ़्रीकी टीम पर ऐसा दबाव बना की 17 वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने खतरनाक दिख रहे क्लासेन को चलता किया. बुमराह ने दबाव बनाया हार्दिक ने उस दबाव का फायदा उठाया. मैच इन्ही 2 ओवर में पलट गया. रही सही कसर बुमराह ने अगले ओवर में पूरी कर दी जब उन्होंने मार्क जेन्सेन को आउट कर पवेलियन भेज दिया. आखिरी ओवर में अफ़्रीकी टीम को 16 रनों की जरुरत थी और हार्दिक पांड्या ने उस ओवर में शानदार गेंदबाजी कर टीम इंडिया को खिताब जीता दिया. इस जीत के बाद जितना फेम रोहित, विराट और हार्दिक को मिला शायद उतना बुमराह के नसीब नहीं आयी. जबकि बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की. विराट कोहली भले ही फाइनल मैच के प्लेयर ऑफ द मैच रहे लेकिन बुमराह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया.

ये कोई नई बात नहीं है. भारतीय क्रिकेट इतिहास में कई बार ऐसे मौके आए हैं जब किसी खिलाड़ी का अहम योगदान अनदेखा कर दिया गया. 2011 के वर्ल्ड कप फाइनल में भी ऐसा ही हुआ था. महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी और उनकी निर्णायक पारी को खूब सराहा गया, लेकिन गौतम गंभीर की 97 रनों की पारी को बहुत कम तवज्जो मिली, जबकि गंभीर ने टीम को मुश्किल हालात से निकालकर जीत की राह दिखाई थी. इसी तरह, 1983 के वर्ल्ड कप फाइनल में मोहिंदर अमरनाथ ने महत्वपूर्ण बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था और मैन ऑफ द मैच का खिताब भी जीता था, लेकिन जब भी 1983 की वर्ल्ड कप जीत की बात होती है, तो ज्यादातर लोग केवल कपिल देव की तारीफ करते हैं.
ऐसा क्यों होता है कि कुछ खिलाड़ियों का योगदान अनदेखा रह जाता है? इसका एक कारण यह हो सकता है कि कप्तान या बड़े नामों को अधिक महत्व दिया जाता है. जब टीम जीतती है, तो कप्तान को सबसे ज्यादा श्रेय मिलता है, क्योंकि वही टीम का नेतृत्व करता है. लेकिन सच्चाई यह है कि जीत में हर खिलाड़ी का योगदान अहम होता है.

जसप्रीत बुमराह का टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल में योगदान अनमोल था. उन्होंने जबरदस्त दबाव के बीच शानदार गेंदबाजी की और टीम को वापसी दिलाई. यह उनके आत्मविश्वास और मेहनत का परिणाम था. बुमराह के इस प्रदर्शन ने भारतीय टीम को जीत की ओर अग्रसर किया. बुमराह ने अपने करियर में कई बार टीम को कठिन परिस्थितियों से निकाला है. उनकी तेज और सटीक गेंदबाजी ने कई बार विपक्षी टीमों को मुश्किल में डाला है. जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी क्रिकेट के असली हीरो होते हैं. बुमराह जैसे खिलाड़ी बिना किसी तामझाम के मैदान पर चुपचाप अपना काम करते हैं. उनके योगदान को सराहा जाना चाहिए, क्योंकि वे टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. बुमराह ने अपने खेल से साबित कर दिया है कि वे किसी भी परिस्थिति में टीम को जीत दिला सकते हैं. उनकी मेहनत और समर्पण का सम्मान होना चाहिए.
आखिर में, यह जरूरी है कि हम हर खिलाड़ी के योगदान को पहचानें और सराहें. क्रिकेट एक टीम गेम है और हर खिलाड़ी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है. जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों के बिना टीम की सफलता अधूरी है. हमें उनके योगदान को समझना और सराहना चाहिए. बुमराह ने भारतीय क्रिकेट को जो दिया है, वह अनमोल है और हमें उन्हें वह सम्मान देना चाहिए जिसके वे हकदार हैं.