लोकसभा चुनाव 2024 में सीटों में कमी पर नितिन गडकरी का बयान, किया चौंकाने वाला खुलासा !

Global Bharat 16 Sep 2024 12:02: PM 2 Mins
लोकसभा चुनाव 2024 में सीटों में कमी पर नितिन गडकरी का बयान, किया चौंकाने वाला खुलासा !

अभी हाल ही में लोकसभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सीटों में आई कमी को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। हाल ही में एक प्रेजेंटेशन के दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किसानों और पिछड़े वर्गों के मुद्दे पर बात की। गौरतलब हो 2019 में बीजेपी ने जहां 303 सीटें जीती थीं, वहीं 2024 के जून चुनाव में पार्टी केवल 240 सीटें ही जीत पाई और बहुमत से दूर रह गई।

इंडियन एक्सप्रेस की एक कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी से सवाल किया गया, लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सीटों के मामले में झटका क्यों लगा?" इस पर नितिन गडकरी ने कहा, "यह चुनाव लोगों को समझाने या भ्रमित करने का था।" उन्होंने कहा कि विपक्ष ने शुरुआत से ही अफवाहें फैलानी शुरू कर दी थीं। उनका कहना था कि बीजेपी संविधान में संशोधन करेगी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के मूल मसौदे के खिलाफ है।

गडकरी ने बताया, "विपक्षी नेताओं ने पिछड़े वर्गों में यह डर पैदा किया कि उन्हें मिलने वाले लाभ बंद कर दिए जाएंगे।" केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि किसानों की मदद के लिए उठाए गए हमारे कदमों को भी उनके खिलाफ बताया गया। इन भ्रमों के कारण बीजेपी की सीटों में गिरावट आई। हालांकि, गडकरी ने कहा, "मुझे लगता है कि यह चुनाव भारत की जीत है। बीजेपी फिर से सत्ता में आई है और मुझे कोई संदेह नहीं है कि हम आने वाले चार राज्यों के चुनावों में भी बहुमत हासिल करेंगे। जनता ने बीजेपी पर फिर से विश्वास जताया है, यह मानते हुए कि हमारी पार्टी इस देश के भविष्य को बदलने की क्षमता रखती है।"

उन्होंने कांग्रेस के 60 वर्षों के कार्यकाल की तुलना बीजेपी के 15 वर्षों से करते हुए कहा, "अगर आप दोनों के प्रदर्शन की तुलना करेंगे, तो आपको इसका जवाब मिल जाएगा कि किसने बेहतर काम किया है।" 

आपको बता दें, अभी हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक साहसिक दावा करते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, गडकरी ने एक कार्यक्रम में कहा, "मुझे याद है कि एक नेता ने मुझसे कहा था कि अगर आप प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं, तो हम आपका समर्थन करेंगे।" इस पर गडकरी ने जवाब दिया, "मेरा जीवन का लक्ष्य प्रधानमंत्री बनना नहीं है। मेरा संकल्प सबसे महत्वपूर्ण है, और मैं किसी भी पद के लिए समझौता नहीं करूंगा।"

Recent News