इंटरनेशनल क्रिकेट कॉउंसिल (ICC) ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 को लेकर ऐतिहासिक फैसला किया है. ICC ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 की प्राइज मनी को कुल ₹66.62 करोड़ रुपए कर दिया है, जो कि खेल की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव है. महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत 3 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होगी. टी20 वर्ल्ड कप 2024 विजेता टीम को ₹19.59 करोड़ की प्राइज मनी मिलेगी, जबकि उपविजेता टीम को ₹9.79 करोड़ प्राप्त होंगे. इंटरनेशनल क्रिकेट कॉउंसिल ने इस बात की घोषणा मंगलवार को की.
गौरतलब हो महिला टी20 वर्ल्ड कप 2023 की तुलना में, इस बार पुरस्कार राशि में 225% की वृद्धि हुई है. खास बात यह है कि विजेता टीम को पिछले विश्व कप की तुलना में 134% अधिक पैसा मिलेगा. पिछले साल, ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप जीता था और उन्हें ₹8 करोड़ मिले थे.
यहां गौर करने वाली बात ये है कि, इस बार की प्रतियोगिता में पुरुष और महिला टीमों को समान पुरस्कार राशि दी जाएगी. यह कदम ICC के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि यह पहली बार है जब पुरुष और महिला दोनों टीमों को बराबर पुरस्कार राशि मिलेगी. 2024 में पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप के लिए ₹93.52 करोड़ की कुल पुरस्कार राशि रखी गई थी, जबकि इस बार महिला टी20 विश्व कप के लिए ₹66.62 करोड़ की राशि निर्धारित की गई है. मेंस टूर्नामेंट में 20 टीमों ने हिस्सा लिया था, जबकि महिलाओं के इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें भाग ले रही है.
ICC के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने इस निर्णय को क्रिकेट के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है. उन्होंने कहा कि 2017 से महिला क्रिकेट में पुरस्कार राशि और मैच फीस लगातार बढ़ रही है और यह नई घोषणा उसी दिशा में एक और कदम है. अब पुरुष और महिला दोनों के विश्व कप विजेताओं को समान पुरस्कार राशि मिलेगी, चाहे वह टी20 हो, अंडर-19 हो या फिर एकदिवसीय विश्व कप.
आपको बता दें, महिला टी20 विश्व कप 2024 की शुरुआत 3 अक्टूबर को स्कॉटलैंड और बांग्लादेश के बीच पहले मैच से होगी. कुल 10 टीमें इस वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगी, जिसमें 18 दिनों के अंदर 23 मैच खेले जाएंगे. ऑस्ट्रेलिया, जो अब तक 6 बार चैंपियन रही है, और भारत, ग्रुप ए में हैं. इन दोनों टीमों के अलावा ग्रुप ए में पाकिस्तान, न्यूज़ीलैंड और श्रीलंका की टीमें भी शामिल हैं. टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 17 अक्टूबर को दुबई में और दूसरा 18 अक्टूबर को शारजाह में खेला जाएगा. फाइनल मुकाबला 20 अक्टूबर को दुबई में होगा.