Jammu Kashmir Election 2024: राहुल गांधी का कश्मीर की जनता से खास अपील, कहा- 'INDIA को वोट दें, हम अन्याय काल' से बाहर लाएंगे

Global Bharat 18 Sep 2024 01:51: PM 1 Mins
Jammu Kashmir Election 2024: राहुल गांधी का कश्मीर की जनता से खास अपील, कहा- 'INDIA को वोट दें, हम अन्याय काल' से बाहर लाएंगे

जम्मू-कश्मीर चुनाव के पहले चरण में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केंद्र में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘INDIA’ गठबंधन के लिए वोट देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह वोट देश के अन्यायपूर्ण इतिहास को खत्म करने की दिशा में एक कदम होगा. राहुल गांधी ने अपने संदेश में जम्मू-कश्मीर के लोगों से अपील की, कि वे अपने घर से बाहर निकलें और लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें.

राहुल गांधी ने कहा, "मेरे जम्मू-कश्मीर के भाइयों और बहनों, आज राज्य में चुनाव के पहले चरण की शुरुआत हो चुकी है. यह राज्य पहली बार केंद्र शासित प्रदेश बना है, जो कि जम्मू-कश्मीर का अपमान और आपके संवैधानिक अधिकारों का हनन है." उन्होंने कहा कि यदि जम्मू-कश्मीर के लोग ‘INDIA’ गठबंधन को वोट देंगे, तो यह अत्याचारी समय समाप्त होगा और उनके अधिकार वापस मिलेंगे.

राहुल गांधी का कश्मीरी जनता से वादा

गौरतलब है राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर की जनता को आश्वासन दिया कि, ‘INDIA’ गठबंधन के पक्ष में डाला गया हर वोट आपके अधिकारों को पुनर्स्थापित करेगा. उन्होंने कहा कि, जब कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार जम्मू-कश्मीर में बनेगी, तो रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य की महिलाओं को सशक्त बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में दिया गया वोट कश्मीर की महिलाओं को नई ताकत देगा और यह अन्याय के युग का अंत करेगा. राहुल गांधी ने आगे यह भी वादा किया कि अगर कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाती है, तो जम्मू-कश्मीर एक बार फिर से समृद्ध होगा. उन्होंने कहा, "आज अपने घरों से बाहर निकलिए और 'INDIA' के लिए वोट दीजिए ताकि आपके अधिकारों की बहाली हो सके."

पहले चरण के 24 सीटों पर मतदान

आपको बता दें, जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और 35A के निरस्त होने के बाद पहली बार चुनाव हो रहे हैं. पहले चरण में जम्मू-कश्मीर की 24 सीटों पर मतदान हो रहा है. यह चुनाव 7 जिलों में आयोजित हो रहा है और कुल 219 उम्मीदवार मैदान में हैं. इस चरण में 60 उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है.

Recent News