लंदन: ब्रिटेन की सेना और नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) के संयुक्त अभियान में एक बड़ा खुलासा हुआ है. रूस के 'शैडो फ्लीट' से जुड़े तेल टैंकर SMYRTOS पर छापा मारकर भारतीय मूल के कैप्टन अजय पंत को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन पर पश्चिमी देशों द्वारा रूस पर लगाए गए तेल निर्यात प्रतिबंधों का उल्लंघन करने का आरोप है.
38 वर्षीय अजय पंत पर आरोप है कि उन्होंने रूसी तेल को अवैध रूप से जहाज के जरिए तीसरे देशों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. ब्रिटिश अधिकारियों ने इंग्लिश चैनल में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें रॉयल मरीन कमांडो, हेलीकॉप्टर, युद्धपोत और पी-8 विमान शामिल रहे. यह ऑपरेशन करीब 6 घंटे तक चला.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने खुद इस कार्रवाई की पुष्टि की और इसे रूस के लिए एक और बड़ा झटका बताया. उन्होंने चेतावनी दी कि यूक्रेन युद्ध का समर्थन करने वाले कोई भी व्यक्ति यह न सोचे कि वह छिप सकता है. SMYRTOS जहाज पर कुल 25 चालक दल के सदस्य थे, जिनमें कैप्टन अजय पंत के अलावा बाकी 24 सदस्य भारत और जॉर्जिया के नागरिक हैं. वे अभी जहाज पर ही मौजूद हैं.
शैडो फ्लीट क्या है?
ये वे जहाज होते हैं जो समुद्री नियमों और प्रतिबंधों से बचने के लिए मालिकाना हक छिपाते हैं और रूसी तेल का अवैध परिवहन करते हैं. पश्चिमी देश इन पर लगातार नजर रख रहे हैं. अजय पंत को मंगलवार को साउथैम्पटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा. यह मामला रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच वैश्विक ऊर्जा बाजार और प्रतिबंधों की कूटनीति को लेकर नई बहस छेड़ सकता है. भारतीय नाविकों की सुरक्षा और विदेश में फंसे भारतीयों की स्थिति पर सरकार की नजर बनी हुई है.