रामपुर : उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पीड़ित युवक का आरोप है कि उससे एक लाख रुपये लेकर उसकी शादी कराई गई, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद उसे पता चला कि दुल्हन ने अपनी असली पहचान छिपाई थी. शिकायत के अनुसार, युवक की शादी एक महिला से रिया गुप्ता नाम बताकर कराई गई थी. परिवार को बताया गया कि युवती हिंदू है और उसके बारे में दी गई अन्य जानकारियां भी सही हैं. आरोप है कि शादी के लिए बिचौलियों ने युवक से एक लाख रुपये भी लिए थे.
युवक का कहना है कि शादी के दो दिन बाद उसे महिला की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी मिली. जांच करने पर पता चला कि महिला का नाम रिया गुप्ता नहीं बल्कि यास्मीन है, इसके बाद युवक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, शादी कराने में शामिल अन्य आरोपियों और बिचौलियों की तलाश की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.