B 52 bomber crash : अमेरिका की सैन्य ताकत को बड़ा झटका उस समय लगा जब दुनिया के सबसे विशालकाय और ताकतवर रणनीतिक बमवर्षक विमानों में गिने जाने वाले B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फ़ोर्स बेस के पास दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई. बताया जा रहा है कि विमान ने एयरबेस से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के चलते हादसे का शिकार हो गया.
दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. एयरबेस के ऊपर घना काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार विमान में सवार सभी 8 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अमेरिकी वायु सेना की ओर से आधिकारिक जांच जारी है.
B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस को अमेरिका की हवाई शक्ति की रीढ़ माना जाता है.
करीब 48 मीटर लंबा और 56 मीटर से अधिक पंखों वाला यह विशाल बमवर्षक विमान हजारों किलोमीटर दूर तक बिना रुके हमला करने की क्षमता रखता है. परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के हथियार ले जाने में सक्षम यह विमान दशकों से अमेरिकी सेना का सबसे भरोसेमंद हथियार रहा है.
बताया जा रहा है कि यह अब तक का तीसरा B-52 बॉम्बर है जो दुर्घटना का शिकार हुआ है. इस हादसे ने एक बार फिर दुनिया के सबसे शक्तिशाली सैन्य विमानों की सुरक्षा और तकनीकी विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच एजेंसियां दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं.