नोएडा : जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के कार्यक्रम के दौरान उस समय दिलचस्प माहौल बन गया जब मंच से बोल रहे एक मौलाना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की योजनाओं की खुलकर सराहना की. अपने संबोधन में मौलाना ने कहा कि आज मुझे बहुत खुशी हुई है. हवाई चप्पल पहनने वाला आदमी भी हवाई जहाज में बैठ रहा है. हमारे मुख्यमंत्र ने बहुत अच्छा काम किया है, विधायक जी ने भी बहुत अच्छा काम किया है.
मौलाना के इस बयान को सुनते ही मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुस्कुराने लगे और फिर खिलखिलाकर हंस पड़े. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी इस पल का आनंद लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गूंज उठा.
दरअसल, मौलाना का इशारा आम लोगों तक विकास और सुविधाओं की पहुंच बढ़ने की ओर था. उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं.
मुख्यमंत्री के सामने की गई इस तारीफ ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सोशल मीडिया पर भी इस बयान की चर्चा शुरू हो गई है. कई लोग इसे विकास कार्यों की सराहना के रूप में देख रहे हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में भी इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. फिलहाल, मौलाना की इस टिप्पणी और सीएम योगी की मुस्कान वाला पल चर्चा का विषय बना हुआ है.