मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो पीडीए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक कार्यक्रम के दौरान का है, जहां सांसद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे.
वायरल वीडियो में जावेद अली मुस्लिम समाज के लोगों से सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर अन्य समुदायों के साथ मजबूत संबंध बनाने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि केवल अपने समुदाय के लोगों के साथ मिलकर राजनीतिक लड़ाई लड़ना पर्याप्त नहीं है. उन्होंने मुस्लिम कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने चार ऐसे गैर-मुस्लिम या हिंदू मित्र बनाएं, जो उन पर भरोसा करते हों और उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हो.
सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि जब तक अलग-अलग समुदायों के बीच विश्वास और संवाद मजबूत नहीं होगा, तब तक व्यापक राजनीतिक बदलाव संभव नहीं है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता बढ़ाने और लोगों के बीच आपसी भरोसा कायम करने पर जोर दिया.
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन मुस्लिम कार्यकर्ता अपने चार-चार हिंदू मित्र बना लेंगे और उनके साथ मजबूत संबंध स्थापित कर लेंगे, उस दिन प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और विभिन्न राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं.