IPS Shlok Kumar : उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी श्लोक कुमार इन दिनों मथुरा में अपने कड़क अंदाज और ताबड़तोड़ एक्शन के लिए चर्चा में हैं. अपराधियों पर शिकंजा कसना हो या फिर पुलिस विभाग के भीतर फैले भ्रष्टाचार पर चोट करनी हो, श्लोक कुमार किसी भी मामले में नरमी बरतने के मूड में नहीं दिखते.
मथुरा के एसएसपी को जब भनक लगी कि उनकी ही पुलिस चौकी का प्रभारी स्ट्रीट वेंडर्स से अवैध वसूली का खेल चला रहा है, तो उन्होंने फौरन गोपनीय जांच बैठा दी. जांच में आरोप सही निकले तो वर्दी का रौब दिखाने वाले दारोगा शशांक कौशिक को सीधे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया. इतना ही नहीं, वसूली गैंग से जुड़े दो अन्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया गया.
श्लोक कुमार 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी है. उनका साफ संदेश है कि वर्दी जनता की सुरक्षा के लिए है, वसूली के लिए नहीं. यही वजह है कि उनके कार्यकाल में अपराधियों के साथ-साथ भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की भी नींद उड़ी हुई है. मथुरा में लोग उन्हें सिंघम SSP कहकर पुकार रहे हैं, क्योंकि उनके फैसलों में न दबाव दिखता है, न समझौता. शिकायत सही मिली तो कार्रवाई तय है, चाहे सामने अपराधी हो या फिर वर्दी वाला. श्लोक कुमार की कार्यशैली बता रही है कि मथुरा पुलिस में अब भ्रष्टाचार करने वालों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है.