यूपी के मथुरा से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है. एक आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस के ही सामने खूब हंगामा मचाया साथ ही पुलिस को सरेआम धमकी भी दी. आरोपी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है. वीडियो वाइरल होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं.
लोग कह रहे हैं कि राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है. अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं है. ये मामला है दो सगे भाइयों के बीच ज़मीन को लेकर हुए विवाद का है. दोनों के बीच जमीन विवाद को लेकर झगड़ा हुआ. ये विवाद इतना बढ़ा गया कि छोटे भाई जिसका नाम मंगल सिंह है, उसने बड़े भाई हुकुम सिंह की जान ले ली.
हैरानी की बात तो ये है कि इस हरकत के बाद वह बिना खौफ मथुरा जिले के कोसी कलां थाने पहुंच गया. जहां उसने खूब बवाल मचाया. ये ही नहीं उसने पुलिस वालों को धमकाते हुए चुनौती भी दी कि अगर किसी में दम है तो उसे पकड़ कर दिखाए. हालांकि पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया.
बड़े भाई की जान लेने के बाद पुलिस स्टेशन पहुंचकर बवाल मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है वह पुलिस थाने के बाहर जोर जोर से चिल्ला रहा है. उसके हाथ में हथियार भी है जिसे वो हाथ में लेकर वह लहरा भी रहा है. आरोपी की इस हरकत को किसी ने कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया.
अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसने पुलिस और प्रशासन को सवालों के कठघरे में खड़ा कर दिया है. वहीं उत्तर प्रदेश के गोंडा से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी है. जिसके बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और विधिक कार्रवाई में जुट गई.