विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) आगामी आईपीएल (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) की तरफ से खलेंगे कि नहीं, उसे लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. दरअसल एक मीडिया रिपोर्ट में ऋषभ पंत को लेकर चौंकाने वाले दावे किए गए हैं. इससे सवाल उठने लगे हैं कि क्या दिल्ली कैपिटल्स को फ्रैंचाइजी द्वारा रिटेन किया जाएगा या नहीं. कुछ महीने पहले, दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल (Parth Jindal) ने घोषणा की थी कि पंत उनके शीर्ष रिटेन खिलाड़ी होंगे, लेकिन ऐसा लगता है कि योजना पूरी तरह से पटरी से उतर गई है.
जानकारी मिल रही है कि दिल्ली कैपिटल्स अब पंत को लेकर अंतिम निर्णय लेने में समय ले रही है, क्योंकि फ्रैंचाइजी के संचालन में बड़े बदलाव किए गए हैं. अब अगले दो वर्षों के लिए फ्रैंचाइजी का प्रभार जीएमआर समूह के पास है. इसी रिपोर्ट में कहा गया है कि फ्रैंचाइजी पंत को बनाए रखना चाहती है, लेकिन आईपीएल के लिए जेएसडब्ल्यू और जीएमआर की जिम्मेदारियों को विभाजित करने के साथ कुछ तौर-तरीकों पर काम करने की जरूरत है.
इसी बीच दावा किया जा रहा है कि लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) और पंजाब किंग्स (Punjab Kings) भी ऋषभ पंत को अपने कप्तान के उम्मीदवार के रूप में लेने में रुचि रखते हैं और अब गेंद पूरी तरह से दिल्ली कैपिटल्स के हाथों में है. जेएसडब्ल्यू और जीएमआर ने रोटेशन के आधार पर दिल्ली कैपिटल्स का प्रबंधन करने का फैसला किया है.
इससे पहले, यह घोषणा की गई थी कि जीएमआर और जेएसडब्ल्यू बारी-बारी से दो साल के लिए दिल्ली कैपिटल्स का प्रबंधन करेंगे. आईपीएल के 2025 और 2026 संस्करणों के लिए दिल्ली कैपिटल्स का संचालन जीएमआर द्वारा किया जाएगा, जबकि जेएसडब्ल्यू उन दो वर्षों के लिए डब्ल्यूपीएल (महिला प्रीमियर लीग) टीम और प्रिटोरिया कैपिटल्स का संचालन करेगा. हाल ही में वेणुगोपाल राव और हेमंग बदानी को दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक और मुख्य कोच के रूप में घोषित किया गया था. सौरव गांगुली को जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स में क्रिकेट के प्रमुख के रूप में घोषित किया गया था.
गांगुली अब अगले कुछ वर्षों के लिए महिला टीम और प्रिटोरिया टीम का प्रबंधन संभालेंगे. इस अवधि के दौरान पुरुष टीम के नियमित कामकाज में उनकी कोई भूमिका होने की संभावना नहीं है. गांगुली ने एक बयान में कहा कि जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स हर क्षेत्र में दूरदर्शी काम कर रहा है और मुझे खुशी है कि मैं इसके सभी क्रिकेट प्रोजेक्ट्स में अपना अनुभव दे पा रहा हूं. जेएसडब्ल्यू के संस्थापक पार्थ जिंदल ने कहा कि दादा का जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स में हमेशा एक खास स्थान रहा है. हमारे लिए, वह पहले परिवार हैं और फिर क्रिकेट के आइकन हैं.