नई दिल्ली: लुधियाना में शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे जीटीबी नगर मुंडियां में दिनदहाड़े महिला की हत्या की दी गई. महिला घर में अपनी बेटी के साथ थी. इसी दौरान एक युवक वहां आया और दोनों पर फायरिंग कर दी. बेटी ने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन महिला के सिर पर गोली लग गई. इसके बाद युवक वहां से भाग गया.
गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी आए और घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया. इसकी जमालपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई है. पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली उधर, मृतक महिला की पहचान पूनम पांडे के रूप में हुई है. वारदात के बाद पूनम की बेटी साक्षी अभी सहमी हुई है.
देर शाम महिला पूनम की बेटी साक्षी का बयान सामने आया. उसने कहा कि उसके पति विक्रम ने गोली चलाई है, जिस कारण उसकी मां की मौत हुई है. उसने पुलिस से मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है, जिसमें एक युवक घर के अंदर आता है और करीब 3 मिनट रुकता है. फिर वह बाहर आता है और पिस्टल लोड करके दोबारा मकान के दरवाजे पर जाता है और फायरिंग करता है. वह दो बार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. फिलहाल, पुलिस ने बेटी के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.