मुंबई: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट यानी आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। 61 वर्षीय सुपरस्टार आमिर खान ने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर और वेलनेस कोच गौरी स्प्रैट (Gauri Spratt) के साथ शादी के बंधन में बंधकर अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर दी है। मुंबई के बांद्रा (पाली हिल) स्थित आमिर के आवास पर रविवार, 5 जुलाई 2026 को एक बेहद निजी और सादगी भरे समारोह में दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत पहले कोर्ट मैरिज रजिस्टर की और फिर अंगूठियों का आदान-प्रदान किया।
बेटे आज़ाद और क्विन बने इस खास पल के गवाह
इस हाईप्रोफाइल लेकिन इंटीमेट वेडिंग की सबसे खूबसूरत और दिल छू लेने वाली बात यह रही कि इसमें दोनों के परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई शादी की पहली तस्वीर में आमिर खान मैरिज रजिस्टर पर साइन करते नजर आ रहे हैं, जबकि उनकी बगल में पारंपरिक लिबास में सजी गौरी बैठी हैं। इस दौरान दोनों के बीच में गौरी के पिछले विवाह से हुए उनके बेटे क्विन और आमिर खान व उनकी दूसरी पत्नी किरण राव के बेटे आज़ाद राव खान खड़े नजर आए। दोनों बच्चों के हाथों में वेडिंग रिंग (अंगूठियों) के बॉक्स थे, जो इस शादी के सबसे खूबसूरत गवाह बने।
25 साल पुराना है दोनों का रिश्ता
आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को पिछले करीब 25 सालों से जानते हैं, साल 2000 में लगान मूवी की शूटिंग के दौरान इनकी मुलाकात हुई थी, उस समय गौरी मूवी की क्रू मेंबर थीं. लेकिन समय के साथ दोनों का संपर्क टूट गया था। साल 2024 में आमिर की कजिन नुजहत खान के जरिए बेंगलुरु में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई, जिसके बाद उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। लगभग एक साल तक लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहने के बाद पिछले साल मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर आमिर ने पहली बार गौरी को मीडिया के सामने अपनी 'पार्टनर' के रूप में इंट्रोड्यूस किया था।
दिग्गज हस्तियों ने दिया आशीर्वाद
मुंबई में हो रही भारी बारिश के बावजूद इस शादी में परिवार के अलावा कुछ बेहद करीबी दोस्त और वीआईपी हस्तियां भी शामिल हुईं। मेहमानों की लिस्ट में आमिर के बड़े बेटे जुनैद खान, बेटी इरा खान के अलावा फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान, स्टैंडअप कॉमेडियन वीर दास और राजनेता राज ठाकरे जैसे नाम शामिल रहे। यह आमिर खान की तीसरी शादी है; इससे पहले उनका विवाह रीना दत्ता (1986-2002) और किरण राव (2005-2021) से हुआ था, जिनसे तलाक के बाद भी आमिर के बेहद मधुर और पारिवारिक संबंध बने हुए हैं।