दिल्ली के मंत्री और AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज दोबारा जेल गए हैं. हमें उम्मीद हैं कि 4 जून के बाद तानाशाही खत्म होने जा रहा है और वह जल्दी जेल से बाहर आएंगे. एग्जिट पोल पर पूरा देश सवाल खड़ा कर रहा है क्योंकि इस बार दो एग्जिट पोल है एक जनता का और एक सरकारी एग्जिट पोल है.
फैसला 4 को आएगा तो सभी से हमारी अपील है कि वह मतगणना के दिन मतगणना केंद्र में रहे, जिससे कोई भी गड़बड़ी को रोका जा सके. आप नेता ने कहा, उन्होंने सभी को केवल एक ही संदेश दिया है कि अत्याचार के खिलाफ यह लड़ाई जारी रहेगी और हम कोई भी बलिदान देने के लिए तैयार हैं. उनके जेल जाने के बाद भी हमें लोगों के काम जारी रखना है.
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने रविवार को तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 5 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अपने निर्धारित आत्मसमर्पण से पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के बलिदान को याद करते हुए सीएम केजरीवाल ने कहा कि वह देश को बचाने के लिए फांसी पर चढ़ने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि उनके जीवन का हर मिनट देश को बचाने के लिए समर्पित है. भगत सिंह ने कहा था कि जब सत्ता तानाशाही बन जाती है तो जेल जिम्मेदारी बन जाती है.