Cockroach Janta Party Protest : दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की आत्महत्या के मामलों को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. कॉकरोच जनता पार्टी Cockroach Janta Party (CJP) के संस्थापक अभिजीत डिपके ने शिक्षा मंत्री पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. अभिजीत डिपके का आरोप है कि हाल के दिनों में पांच छात्रों ने आत्महत्या की है, जो शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है.
उन्होंने कहा, जब लगातार छात्र अपनी जान गंवा रहे हैं तो केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा. सरकार और शिक्षा विभाग को जवाबदेही तय करनी होगी. शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए” डिपके का कहना है कि छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव, परीक्षा प्रणाली की खामियां और संस्थानों में पर्याप्त काउंसलिंग सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई.
इसी मुद्दे को लेकर अभिजीत डिपके दिल्ली एयरपोर्ट से जंतर-मंतर के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां वे छात्रों और समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे. CJP कार्यकर्ताओं का दावा है कि यह प्रदर्शन केवल पांच छात्रों के मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में बढ़ रहे छात्र मानसिक स्वास्थ्य संकट को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश है.
पार्टी की ओर से मांग की गई है कि छात्र आत्महत्या के मामलों की स्वतंत्र जांच कराई जाए, दोषियों पर कार्रवाई हो और सभी शिक्षण संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य सहायता केंद्र स्थापित किए जाएं। इस बीच डिपके के बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी बहस तेज हो गई है और शिक्षा नीति को लेकर सवाल उठने लगे हैं.