संभल : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर अभियान एक बार फिर चर्चा में है. शनिवार को नखासा थाना क्षेत्र के कसेरुआ गांव में स्थित दो मंजिला मस्जिद मुस्तफा कादरी के बड़े हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. प्रशासन का दावा है कि यह निर्माण सरकारी जमीन पर अवैध रूप से किया गया था और पूरे ढांचे को हटाने की कार्रवाई जारी है.
राजस्व विभाग के अनुसार, करीब 1200 वर्गमीटर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया जाना है. अधिकारियों का कहना है कि तहसीलदार कोर्ट ने 21 अप्रैल को मस्जिद कमेटी के खिलाफ बेदखली का आदेश पारित किया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है. हालांकि, मस्जिद कमेटी ने इस आदेश को जिलाधिकारी न्यायालय में चुनौती दी है.
कार्रवाई के दौरान मस्जिद परिसर से 'I LOVE MUHAMMAD' लिखे पोस्टर और कुछ झंडे मिलने का मामला भी सामने आया है. संभल के पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने बताया कि इन पोस्टरों और झंडों को वहां किसने लगाया, इसकी जांच कराई जाएगी. मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चार थानों की पुलिस, सर्किल ऑफिसर और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे.
प्रशासन का दावा है कि गाटा संख्या 409, जो राजस्व अभिलेखों में कब्रिस्तान की भूमि दर्ज है, उस पर मस्जिद और अन्य निर्माण कर लिए गए थे. इसके अलावा अन्य सरकारी भूमि पर भी मकान और खेती किए जाने की बात सामने आई है. तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच और सुनवाई के बाद राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई.
अधिकारियों के अनुसार, जनवरी 2026 में इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था. प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा.