पुणे महिला को बेडशीट धोने के बाद 'Made in Pakistan' का टैग मिला, जांच शुरू
Made in Pakistan bedsheet: पुणे की एक महिला ने दावा किया है कि उसने एक धार्मिक मेले से खरीदी गई बेडशीट को धोने के बाद उसमें "Made in Pakistan" का लेबल देखा, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. यह घटना पिंपरी-चिंचवड़ के चिंचवड़ इलाके में हुई. महिला ने मोरया गोसावी मंदिर परिसर के पास लगे संकष्टी चतुर्थी मेले से यह बेडशीट एक विक्रेता से खरीदी थी.
महिला के अनुसार, खरीदते समय उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं लगा. लेकिन घर पर बेडशीट धोने के बाद कपड़े से जुड़ा एक टैग दिखाई दिया, जिसमें "Made in Pakistan" लिखा था. चिंतित होकर महिला ने सोशल मीडिया पर इसकी वीडियो पोस्ट की और सवाल उठाया कि पाकिस्तान में बनी यह Product आखिर महाराष्ट्र के स्थानीय बाजार तक कैसे पहुंची. वीडियो तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया.
वीडियो वायरल होने के बाद पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. उत्पाद की उत्पत्ति का पता लगाने और यह मेले में कैसे सप्लाई और बेचा गया, यह जानने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है. पुलिस ने पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम को भी पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि अगर कोई उल्लंघन पाया जाता है तो ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
बेडशीट संकष्टी चतुर्थी के अवसर पर बुधवार को खरीदी गई थी, जब मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हुए थे. यह घटना महाराष्ट्र के संभाजीनगर जिले में कुछ दिनों पहले तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद हुई है. उन पर "Made in Pakistan" लेबल वाले कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने का आरोप था.
अब अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बेडशीट कहां से आई, किसने सप्लाई की और क्या इसकी कोई बड़ी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क है. जांच के नतीजों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.