नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय बाल दिवस (1 जून) के अवसर पर बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से यूए क्रिएटिव लाइन प्लस और आईएआरसी (इंडियन एसोसिएशन ऑफ रसियन कंपैरेटिव्स) के संयुक्त तत्वाधान में रसियन हाउस में 1 से 4 जून तक भव्य पेंटिंग एक्जीबिशन का आयोजन किया गया.

एक्जीबिशन का उद्घाटन आईएआरसी की प्रेसिडेंट एलीना बर्मन और ईसीसीआई प्रेसिडेंट डॉ. अनूप मित्तल ने किया. उद्घाटन से पहले यूए क्रिएटिव लाइन प्लस के सीईओ परविंदर कुमार सिंह ने बच्चों को वॉटर कलर पेंटिंग का लाइव डेमो दिया, जिसमें बच्चों ने बड़े उत्साह से भाग लिया.

परविंदर कुमार सिंह ने कहा, “इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को आगे लाना है. यहां जो भी पेंटिंग्स आप देख रहे हैं, वे सब बच्चों ने बनाई हैं. देशभर से प्रतिभाशाली बच्चों की पेंटिंग्स को यहां जगह दी गई है.”

आईएआरसी प्रेसिडेंट एलीना बर्मन ने यूए क्रिएटिव लाइन प्लस की सराहना करते हुए कहा, “यूए क्रिएटिव लाइन प्लस ने जो अहम भूमिका निभाई है, वह अद्भुत है. ऐसे आयोजन से बच्चों को सही मंच मिलता है. परविंदर कुमार सिंह को इस बेहतरीन पहल के लिए बहुत-बहुत बधाई.”

डॉ. अनूप मित्तल ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का ऐसा मंच बहुत जरूरी है. गौरतलब है कि यूए क्रिएटिव लाइन प्लस समय-समय पर पेंटिंग प्रतियोगिताएं और एक्जीबिशन आयोजित करके देशभर के युवा और बाल कलाकारों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का कार्य कर रहा है.