दिल्ली-यूपी में तेज आंधी-बारिश, केरल में मानसून दस्तक! 90 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

Amanat Ansari 03 Jun 2026 10:02: PM 1 Mins
दिल्ली-यूपी में तेज आंधी-बारिश, केरल में मानसून दस्तक! 90 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 जून 2026 के लिए देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. कल गुरुवार को उत्तर भारत में धूल भरी आंधी, तेज हवाओं और बारिश के साथ-साथ दक्षिण में मानसून की एंट्री होने की संभावना है. दिल्ली सहित NCR में सुबह से बादल छाए रहेंगे. दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना है. हवा की रफ्तार 40-60 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है.

इस दौरान अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं (50-90 किमी/घंटा) के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और हल्की-मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की चेतावनी है.

IMD के अनुसार, 4 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक दे सकता है. केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेमी) होने की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत (असम, मेघालय, अरुणाचल आदि) और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट चेक करते रहने की अपील की है. यह जानकारी 3 जून 2026 की IMD रिपोर्ट पर आधारित है.

Kal ka Mausam Alert Kal ka Mausam delhi weather Delhi Weather Forecast

Recent News