बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक संवेदनशील घटना सामने आई है. औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव ओलीना में हनुमान मंदिर के परिसर में नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर तनाव फैल गया है. पुलिस ने इस मामले में राजमिस्त्री असर मोहम्मद, नजर मोहम्मद समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.
क्या है पूरा मामला?
गांव में राजकुमार के घर का निर्माण कार्य चल रहा था. पड़ोसी गांव जहरा के मजदूर वहां काम कर रहे थे. दोपहर के समय हल्की बारिश हो रही थी, इसी दौरान असर मोहम्मद मंदिर परिसर में पहुंचा और नमाज पढ़ने लगा. इसकी वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी, जो तेजी से वायरल हो गई. वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई. पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. असर मोहम्मद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है.
पुलिस का आया बयान
जांच अधिकारी अभिषेक तेवतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और पूजा स्थल की गरिमा भंग करने का मामला सामने आया है. पुलिस वीडियो की सत्यता और पूरी घटना की गहराई से जांच कर रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है.