नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में युवा और समर्थक पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो और छात्रों को न्याय दो जैसे नारे लगाए. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे.
जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. इसी दौरान कुछ लोग प्रदर्शन स्थल के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. अधिकारियों के अनुसार हिरासत में लिए गए लोग प्रदर्शन के विरोध में कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकती है, लेकिन जनता की आवाज़ को मिटा नहीं सकती. दीपके ने शिक्षा व्यवस्था और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई. प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है. सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई CJP के इस प्रदर्शन ने राजधानी की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है.