कोलकाता : भांगड़ ब्लास्ट मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मामले के मुख्य आरोपी और पूर्व टीएमसी विधायक शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार को NIA की छापेमारी के बाद से वह फरार चल रहे थे. जांच एजेंसी के अनुसार, जब टीम उनके आवास पर पहुंची तो वह मोटरसाइकिल से वहां से निकल गए थे.
सूत्रों का दावा है कि शौकत मोल्ला देश छोड़कर बांग्लादेश भागने की फिराक में थे. NIA ने उन्हें भांगड़ ब्लास्ट केस का मुख्य आरोपी और कथित साजिशकर्ता बताया है. एजेंसी का कहना है कि मामले में उनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है और उनसे पूछताछ के जरिए विस्फोट से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.
हालांकि, गिरफ्तारी को लेकर शौकत मोल्ला के परिवार ने अलग दावा किया है. उनकी बेटी ने कहा कि NIA ने उनके पिता को गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि उन्होंने स्वयं एजेंसी के सामने सरेंडर किया है. परिवार के मुताबिक, शौकत किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे और जब NIA ने उनसे संपर्क किया तो वे खुद वापस आकर जांच में शामिल हो गए.