‘हिमांता हमें सबको गिरफ्तार कर सकते हैं’: CJP के अभिजीत दिपके ने आशुतोष रंका की रिहाई की मांग की, असम जाने का किया ऐलान

Amanat Ansari 27 Sep 2026 08:58 PM 1 Mins
‘हिमांता हमें सबको गिरफ्तार कर सकते हैं’: CJP के अभिजीत दिपके ने आशुतोष रंका की रिहाई की मांग की, असम जाने का किया ऐलान

नई दिल्ली: गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रंका समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की हिरासत के बाद पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने तीखा रुख अपनाया है. उन्होंने आशुतोष रंका की तत्काल रिहाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर उन्हें रिहा नहीं किया गया तो वे अन्य सदस्यों के साथ असम जाएंगे.

एक्स पर पोस्ट करते हुए दिपके ने लिखा, “आशु को असम पुलिस ने एक निजी आवास से उठाया. अब तक उन्हें यह नहीं बताया गया कि किन आरोपों या आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया है. अगर आशु को रिहा नहीं किया गया तो मैं अन्य CJP सदस्यों के साथ असम जाऊंगा. हिमांता हमें सबको गिरफ्तार कर सकते हैं.”

रविवार को CJP की पहली क्षेत्रीय स्वयंसेवक बैठक असम सचिवालय के पास शुरू होने वाली थी. बैठक से ठीक पहले गुवाहाटी में रंका, अंकित भारद्वाज, प्रेम आकाश समेत सीनियर लीडरशिप और स्थानीय स्वयंसेवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस ने सुबह से ही प्रस्तावित स्थल का रास्ता बंद कर दिया था, जिससे स्वयंसेवक पहुंच नहीं पाए. संगठन ने क्षेत्र भर से करीब 200-300 स्वयंसेवकों को इकट्ठा करने की योजना बनाई थी.

CJP नेतृत्व का कहना है कि हिरासत से पहले अखिल गोगोई की राइजोर दल के नेताओं से मुलाकात हुई थी. इसमें असम के हालिया बाढ़ और राज्य में CJP की गतिविधियों का विस्तार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. रंका ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा इस बात से चिंतित हैं कि स्कूलों पर CJP का अभियान राज्य में स्कूलों की वास्तविक स्थिति पर ध्यान खींचेगा.

CJP ने हाल के दिनों में असम के प्रमुख नागरिकों और छोटे क्षेत्रीय राजनीतिक समूहों से भी चर्चा की है. दिपके के इस बयान ने असम में CJP की गतिविधियों और पुलिस कार्रवाई को लेकर नया विवाद खड़ा कर दिया है.

Recent News