हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ से पति-पत्नी और गर्लफ्रेंड के बीच विवाद का एक दिलचस्प मामला सामने आया है. यहां एक शादीशुदा शख्स कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल पहुंचा था. गर्लफ्रेंड ने छोले-भटूरे खाने की इच्छा जताई तो वह होटल के बाहर दुकान से दो प्लेट छोले-भटूरे पैक कराने पहुंच गया, लेकिन जैसे ही वह खाना लेकर वापस लौट रहा था, सामने पत्नी और उसके परिवारवालों को देखकर उसके होश उड़ गए.
बताया जा रहा है कि अजय की शादी करीब 14 साल पहले कविता से हुई थी. दोनों के दो बेटे भी हैं. आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद अजय का किसी दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी सिलसिले में वह अपनी कथित गर्लफ्रेंड के साथ शहर से दूर गंगा किनारे पहुंचा था. इसके बाद दोनों एक होटल में गए.
होटल में कुछ समय बिताने के बाद गर्लफ्रेंड ने छोले-भटूरे खाने की इच्छा जताई. अजय होटल के बाहर पहुंचा और दो प्लेट छोले-भटूरे पैक कराकर वापस होटल की ओर जाने लगा. तभी अचानक उसकी पत्नी कविता अपने परिवार के लोगों के साथ वहां पहुंच गई.
पत्नी को सामने देखते ही अजय के सामने जैसे मुसीबतों का पहाड़ खड़ा हो गया. पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और सवाल-जवाब हुए. इसके बाद विवाद बढ़ गया और कविता तथा उसके परिजनों ने अजय की कथित तौर पर पिटाई शुरू कर दी. देखते ही देखते सड़क पर भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया. आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। कुछ लोग अजय के पक्ष में भी खड़े दिखाई दिए. इसके बाद मामला सड़क से थाने तक पहुंच गया. देर शाम तक पति-पत्नी और कथित गर्लफ्रेंड के बीच समझौते को लेकर बातचीत चलती रही.
फिलहाल इस पूरे मामले की चर्चा इलाके में ‘इश्कवाले छोले-भटूरे’ के नाम से हो रही है.