अंकिता भंडारी केस में CBI जांच के बीच बड़ा एक्शन, अभिनेत्री उर्मिला सनावर हिरासत में

Amanat Ansari 25 Oct 2026 08:46 PM 1 Mins
अंकिता भंडारी केस में CBI जांच के बीच बड़ा एक्शन, अभिनेत्री उर्मिला सनावर हिरासत में

हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच चल रही है, उसी बीच रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सहारनपुर से हिरासत में ले लिया है. उन पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां करने, पांच करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं. पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था.

मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर ही उर्मिला सनावर को पकड़ लिया गया. उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी महिला ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी.

आरोप है कि सहारनपुर निवासी उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं, जिससे उनकी और परिवार की छवि धूमिल हुई. व्हाट्सएप कॉल पर उन्होंने रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की तथा जान से मारने की धमकी भी दी. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आईटी एक्ट के मामले भी शामिल हैं. उर्मिला सनावर अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी चर्चा में हैं.

हाल ही में सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर सीबीआई कोर्ट में पेश हुए थे और दोनों ने नार्को-एनालिसिस टेस्ट के लिए सहमति दे दी थी. अंकिता भंडारी मामले में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका की जांच चल रही है.

Recent News