देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हो गई. कानपुर की घटना के बाद यह दूसरा ऐसा मामला है जहां पार्टी के लोग आपस में ही भिड़ गए. घटना भाजपा के सोशल मीडिया राष्ट्रीय सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के स्वागत के दौरान खरोह सीमा के पास हुई.
देवरिया के गौरी बाजार में भाजपा के स्वागत कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। खरोह चौराहे पर दो गुटों में मारपीट हुई और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। pic.twitter.com/HxxJQCgtoc
— Anjali Kumari (@AnjaliKumari009) August 25, 2026
स्वागत में जुटे कार्यकर्ताओं के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते गुत्थम-गुत्था शुरू हो गया. सुरक्षाकर्मियों के बीच बचाव के प्रयासों के बावजूद लाठी-डंडे चलने लगे. एक कार्यकर्ता की जमकर पिटाई कर दी गई. वह किसी तरह भागकर अपनी जान बचा पाया.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मौके पर जिलाध्यक्ष काली प्रसाद समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे, लेकिन भाजपा के बड़े पदाधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं. गौरतलब है कि पिछले हफ्ते कानपुर में भी क्षेत्रीय प्रभारी के स्वागत के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जूते-चप्पल चल गए थे. पार्टी ने उस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता माना था.