मॉस्को: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक चौंकाने वाली घटना ने सबको हैरान कर दिया है. एक अमेरिकी सैन्य परिवहन विमान सी-17ए ग्लोबमास्टर III अचानक मॉस्को पहुंच गया. मंगलवार को यह विमान लातविया की राजधानी रीगा से उड़ा और मॉस्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर उतर गया.
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, उड़ान संख्या आरसीएस4555 वाला यह विमान मॉस्को समयानुसार सुबह 8:50 बजे रीगा से रवाना हुआ और करीब 10:04 बजे मॉस्को में लैंड किया. इससे पहले 23 अगस्त को यह विमान अमेरिका के मैरीलैंड स्थित कैंप स्प्रिंग्स (जॉइंट बेस एंड्रयूज) से रीगा पहुंचा था. यहीं पर अमेरिकी वरिष्ठ अधिकारियों और प्रेसिडेंशियल फ्लीट के विमान रखे जाते हैं.
क्रेमलिन का जवाब
क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि मॉस्को को इस अमेरिकी सैन्य विमान के बारे में कोई जानकारी नहीं है. रूसी सरकारी मीडिया का भी कहना है कि इस हफ्ते अमेरिकी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मॉस्को में कोई बैठक प्रस्तावित नहीं है. यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिकी सैन्य विमान का मॉस्को पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है. इसका असली मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और राज गहरा गया है.