तेल अवीव: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने कहा कि ईरान ने उनके एक बेटे की हत्या की साजिश रची थी. यह बयान सोमवार को इजरायली चैनल 14 को दिए टेलीफोन इंटरव्यू में आया. नेतन्याहू ने हालांकि इस कथित साजिश के बारे में कोई ठोस सबूत या विस्तृत जानकारी नहीं दी.
उन्होंने यह भी साफ नहीं किया कि ईरान ने उनके किस बेटे को निशाना बनाया था और योजना कितनी आगे बढ़ी थी. उनके बड़े बेटे याइर नेतन्याहू मियामी (अमेरिका) में रहते हैं. ईरान के न्यूयॉर्क स्थित मिशन ने फिलहाल इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
क्यों आया ये बयान?
नेतन्याहू का यह दावा ऐसे समय हुआ है जब इजरायल में 27 अक्टूबर को आम चुनाव होने वाले हैं. उनकी गठबंधन सरकार ओपिनियन पोल में पिछड़ती दिख रही है. उन्होंने इस मौके पर सुरक्षा एजेंसी शिन बेट पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि उन्होंने शिन बेट प्रमुख से कहा है कि चुनाव में प्रधानमंत्री पद के हर उम्मीदवार को उचित सुरक्षा दी जानी चाहिए. सुरक्षा कोई लग्जरी नहीं, बल्कि जरूरी है.
यह बयान फरवरी में शुरू हुए अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष के बाद बढ़ा क्षेत्रीय तनाव के बीच आया है. उस संघर्ष में ईरान के कई वरिष्ठ नेताओं के मारे जाने के दावे भी किए गए थे. नेतन्याहू के इस आरोप से चुनावी बहस में सुरक्षा और ईरान के खतरे का मुद्दा और गरमा सकता है. फिलहाल इजरायली प्रधानमंत्री की ओर से इस साजिश का कोई विस्तृत सबूत सार्वजनिक नहीं किया गया है.