ईरान का बड़ा फैसला! होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलेगा, रियाल या पसंद की करेंसी में पेमेंट; बदले में सुरक्षा और इंश्योरेंस

Amanat Ansari 24 Aug 2026 07:10 PM 1 Mins
ईरान का बड़ा फैसला! होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलेगा, रियाल या पसंद की करेंसी में पेमेंट; बदले में सुरक्षा और इंश्योरेंस

तेहरान: ईरान की संसद ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल (फीस) वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. ईरानी मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, जिन देशों के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति मिलेगी, उनसे समुद्री सेवाओं के बदले शुल्क लिया जाएगा.

ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हसन काशकवी के मुताबिक, फीस के बदले समुद्री सेवाएं, सुरक्षा और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं दी जाएंगी. इसके अलावा पर्यावरण संबंधी सेवाएं और विशेष परिस्थितियों में ईंधन भी उपलब्ध कराया जाएगा. भुगतान ईरानी रियाल या ईरान की पसंद की किसी अन्य करेंसी में किया जा सकेगा.

इस फैसले के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ट्रम्प प्रशासन ईरान के खिलाफ आर्थिक जंग के अंतिम दौर में पहुंच गया है. अमेरिका का मकसद ईरान की कमाई के बड़े रास्ते बंद करना है. बेसेंट ने बताया कि अमेरिका सभी सरकारी एजेंसियों और अधिकारों का इस्तेमाल कर ईरान पर दबाव बढ़ाएगा.

ईरान ने अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई में साथ देने वाले खाड़ी देशों को चेतावनी दी है. ईरान के नए राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई ने कहा कि जो देश ईरान पर आर्थिक प्रतिबंध लगाने में अमेरिका का साथ देगा, उसे दुश्मन माना जाएगा. इस बीच एक ईरानी अधिकारी ने दावा किया है कि तेहरान को मक्का एग्रीमेंट में शामिल होने का न्योता मिला है. सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने 7 अगस्त को मक्का में आपसी रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प होर्मुज स्ट्रेट को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ यानी नया अमेरिकी इलाका बता चुके हैं. उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर होर्मुज को अमेरिकी इलाके के रूप में दिखाया. वर्तमान में होर्मुज दो रास्तों में बंटा हुआ है एक ईरानी रास्ता और दूसरा ओमानी रास्ता. अमेरिका ओमानी रास्ते से जहाजों को गुजरने पर जोर देता है.

Iran News Hormuz Strait Ship Toll Iran Parliament

Recent News