हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य के दौरान जिलाधिकारी कविता मीणा का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में डीएम एक वृद्धा का माथा छूकर बुखार चेक करती दिख रही हैं और उन्हें दवाई देने का आश्वासन दे रही हैं.
गंगा के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित गांवों में डीएम कविता मीणा का काफिला पहुंचा. बाढ़ के पानी के बीच ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों का हाल-चाल पूछा. इसी दौरान एक वृद्धा ने बताया कि गांव में डॉक्टर नहीं आ रहे हैं और वह बुखार से तप रही है.
इतना सुनते ही डीएम ने मां की तरह वृद्धा का माथा छूकर बुखार चेक किया. शरीर ठंडा होने की बात कही और बोलीं, “मैं अपनी गाड़ी में बैग रखती हूं. उसमें दवाई होगी, अभी आपको बुखार की दवाई देती हूं.” यह दृश्य लोगों के दिलों को छू गया और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया.
डीएम के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा टीमें भेजी गईं. गढ़मुक्तेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. शशि भूषण स्वयं टीम लेकर गांवों में पहुंचे और बुखार, सर्दी-खांसी समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को दवाइयां बांटीं.
जिलाधिकारी कविता मीणा और एसडीएम श्रीराम यादव लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. अधिकारियों को जलभराव वाले इलाकों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को साफ पानी पीने और संक्रमण से बचाव की सलाह दी है.