लखनऊ : आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में पंचायत राज विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर टी. नूकाराजु और उनके परिवार से जुड़े ट्रिपल सुसाइड केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और राइफल शूटिंग कोच शेख सादिक खान को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया गया है. काकीनाडा जिला पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच में अहम खुलासे होने की उम्मीद है.
यह मामला 16 अगस्त को सामने आया था. रिपोर्टों के मुताबिक, पंचायत राज विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर टी. नूकाराजु, उनकी पत्नी और बेटी ने राजामहेंद्रवरम के पास गोदावरी नदी में छलांग लगा दी थी. परिवार के साथ मौजूद 10 वर्षीय बच्चे को बचा लिया गया था. घटना के बाद मिले कथित सुसाइड नोट और परिवार के सदस्यों की शिकायतों ने पुलिस जांच की दिशा बदल दी.
जांच में राइफल शूटिंग एकेडमी चलाने वाले शेख सादिक खान का नाम सामने आया. आरोप है कि वह नूकाराजु की बेटी को लंबे समय से परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था. परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जाता था. कथित तौर पर उसे इस्लामिक धार्मिक ग्रंथ पढ़ने, कुरान की आयतें लिखने और मुस्लिम धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने के लिए मजबूर किया जाता था.
परिवार ने सादिक खान पर धमकी, ब्लैकमेल और आर्थिक दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई विशेष टीमें लगाई थीं रिपोर्टों के मुताबिक, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और दूसरे राज्यों के रास्ते विदेश भागने की कोशिश में था.
अब मेरठ से गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों से यह स्पष्ट होगा कि नूकाराजु परिवार की मौत के पीछे कथित उत्पीड़न और ब्लैकमेल की भूमिका कितनी थी. पुलिस मामले के सभी आरोपों की जांच कर रही है.