जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन में एक किशोरी ने कथित तौर पर कई महीनों से छेड़खानी और पीछा करने से परेशान होकर एक युवक को सबक सिखाया. मामला कोंच कोतवाली क्षेत्र के कोंच नगर का बताया जा रहा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है.
बताया जा रहा है कि किशोरी का आरोप है कि आरोपी युवक पिछले करीब तीन महीने से उसका पीछा कर उसे परेशान कर रहा था. किशोरी के मुताबिक, वह जब भी घर से बाहर निकलती थी, युवक कथित तौर पर उसका पीछा करता और अभद्र हरकतें करता था. इसी बीच आरोप है कि युवक किशोरी को घर में अकेला देखकर अंदर घुस गया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने का प्रयास किया.
युवक की हरकत से परेशान किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए उसका विरोध किया. दोनों के बीच कहासुनी के बाद किशोरी ने युवक की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी. किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें किशोरी युवक की पिटाई करती नजर आ रही है और आसपास लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. किशोरी द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. मामले में पुलिस की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.