प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ की कुर्क जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने कुर्क की गई जमीन पर कब्जा करने के बाद वहां अवैध प्लाटिंग शुरू कर दी और प्लॉट बेचने का प्रयास किया. मामले में एयरपोर्ट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, मामला शाहा उर्फ पीपल गांव क्षेत्र की उस जमीन से जुड़ा है, जिसे प्रशासन ने अशरफ से संबंधित होने के चलते कुर्क किया था. आरोप है कि मोहम्मद मुस्लिम, मोहम्मद नसरत और मोहम्मद आफताब अहमद समेत अन्य लोगों ने इस जमीन पर कब्जा कर प्लाटिंग कराई, इसके बाद जमीन के छोटे-छोटे हिस्से कर उन्हें बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की. एसडीएम सदर के निर्देश पर मौके पर पहुंची टीम ने अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया. राजस्व विभाग की ओर से जमीन की स्थिति की जांच की गई. इसके बाद लेखपाल मनीष कुमार ने एयरपोर्ट थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई.
पुलिस ने मोहम्मद मुस्लिम, मोहम्मद नसरत और मोहम्मद आफताब अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस और राजस्व विभाग अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि कुर्क जमीन पर कब्जा कब और किस तरीके से किया गया तथा प्लाटिंग के जरिए कितने लोगों को जमीन बेचने की कोशिश हुई.
मामले में अतीक अहमद से जुड़े फाइनेंसर और बिल्डरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कुर्क संपत्ति पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.