बसपा के पूर्व एमएलसी शाहनवाज राणा के ठिकानों पर ईडी की बड़ी रेड! 2 करोड़ कैश बरामद, 9 जगहों पर एक साथ छापा

Amanat Ansari 24 Aug 2026 08:27 PM 1 Mins
बसपा के पूर्व एमएलसी शाहनवाज राणा के ठिकानों पर ईडी की बड़ी रेड! 2 करोड़ कैश बरामद, 9 जगहों पर एक साथ छापा

लखनऊ/मुजफ्फरनगर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को बसपा के पूर्व एमएलसी शाहनवाज राणा और उनके करीबियों के ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की. मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद स्थित कुल नौ ठिकानों पर एक साथ रेड की गई. छापेमारी में करीब 2 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए हैं.

छापे का मुख्य केंद्र मुजफ्फरनगर का न्यू राणा हाउस रहा. ईडी के अनुसार न्यू राणा हाउस और गाजियाबाद स्थित सुधा स्टील्स के ठिकाने से यह नकदी बरामद हुई. छापेमारी में कई दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की छानबीन जारी है.

ईडी ने जाली दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने के मामले में यह कार्रवाई की है. एजेंसी जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत जांच कर रही है. शाहनवाज राणा पहले इस कंपनी के निदेशक थे. वर्तमान में कंपनी के संचालक शाह आजम राणा हैं.

आरोप है कि कंपनी ने बिना माल की खरीद-फरोख्त के ही जाली इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए फर्जी आईटीसी बनाया और उसे आगे पास किया. जांच में कई फर्जी कंपनियों के जरिए सर्कुलर ट्रांजैक्शन, फंड की लेयरिंग और कैश निकालने के तथ्य सामने आए हैं.

जीएसटी अधिकारियों की जांच में ₹9.63 करोड़ का आईटीसी गलत तरीके से लिया गया और ₹10.28 करोड़ का आईटीसी आगे पास किया गया. इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया. ईडी ने पूर्व एमएलसी के करीबी एक लोहा उद्यमी के ठिकाने पर भी छानबीन की. मुजफ्फरनगर में अखबार के दफ्तर सहित अन्य जगहों पर भी तलाशी ली गई.

BSP Shahnawaz Rana ED raid Shahnawaz Rana raid

Recent News