''कोई कुछ भी इल्जाम लगाए, चुनाव आयोग डरने वाला नहीं...'' CEC ज्ञानेश कुमार का यूपी वालों से बड़ा आह्वान- बंगाल का मतदान रिकॉर्ड तोड़ो

Amanat Ansari 24 Aug 2026 08:48 PM 1 Mins
''कोई कुछ भी इल्जाम लगाए, चुनाव आयोग डरने वाला नहीं...'' CEC ज्ञानेश कुमार का यूपी वालों से बड़ा आह्वान- बंगाल का मतदान रिकॉर्ड तोड़ो

लखनऊ: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के लोगों से अपील की कि वे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हुए 93.7 प्रतिशत मतदान का रिकॉर्ड तोड़ें. यूपी के दो दिवसीय दौरे पर आए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि कोई कुछ भी इल्जाम लगाए, चुनाव आयोग उससे डरने या घबराने वाला नहीं है. वह आरोपों को चुनौती के रूप में स्वीकार करता है और पूरी पारदर्शिता से काम करता है.

राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) व ईसीआईनेट के क्षेत्रीय सम्मेलन में CEC ने कहा, “जिसे जिस दिशा से सूरज उगाना है, वह उगाए. हम इस पर ध्यान नहीं देते. आज के युवा सबसे समझदार हैं, वे हर चीज समझते हैं.” उन्होंने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में लोगों से जोश दिखाते हुए बंगाल का रिकॉर्ड तोड़ने की अपील की.

ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि जिस तरह सूरज पूरब से ही निकलता है, ठीक उसी तरह आयोग पूरी तरह पारदर्शी है. यह अटल सत्य है. उन्होंने 20 जिलों के शैक्षिक संस्थानों से आए शिक्षकों और छात्रों के सवालों का खुलकर जवाब दिया.

CEC ने कहा कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया में राजनीतिक दल और उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी सहभागी होते हैं. युवाओं और छात्रों पर उन्हें पूरा भरोसा है. उन्होंने कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए लोकतंत्र, ईवीएम की विश्वसनीयता, फेक न्यूज से सतर्कता और युवा मतदाताओं की भूमिका पर चर्चा की.

Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar UP Election Election Commission

Recent News