अनियंत्रित स्कॉर्पियो 200 कांवड़ियों के जत्थे में घुसी, 2 दर्जन से ज्यादा घायल; 4 की हालत गंभीर

Amanat Ansari 24 Aug 2026 06:22 PM 1 Mins
अनियंत्रित स्कॉर्पियो 200 कांवड़ियों के जत्थे में घुसी, 2 दर्जन से ज्यादा घायल; 4 की हालत गंभीर

धार (मध्य प्रदेश): सोमवार को धार जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो करीब 200 कांवड़ियों के जत्थे में घुस गई. इस हादसे में दो दर्जन से अधिक कांवड़िये घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है.

घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे महू-नीमच रोड पर सेक्टर तीन मदरसन सुमि के सामने हुई. बोकेश्वर से इंडोराम की नई बस्ती की ओर जा रही विजय श्री हनुमान सेवा समिति की कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जत्थे को पीछे से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. यात्रा के साथ पुलिस बल भी मौजूद था. हादसे के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से सिविल अस्पताल पहुंचाया. कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि आक्रोशित भीड़ ने स्कॉर्पियो में आग लगा दी, जबकि चालक मौके से भागने की कोशिश में था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

घायलों की पहचान

घायल कांवड़ियों में शैलेश (रवीन्द्र), आशा, लक्ष्मी, प्रकाश (नन्दराम), गोलू (मुन्नालाल), दीपक, पवन, ऋषिका, विशाल, शुभम, कैलाश, लालू, खुशी आदि शामिल हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के थानों व नाकों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है. आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं.

Kanwar Yatra Bokeshwar Accident Indirama Yatra Kanwariya injured

Recent News