नई दिल्ली : पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी ने राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने और बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया है. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने पंजाब के दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को चुनाव के लिए तैयार रहने का संदेश दिया.
बीएल संतोष ने पटियाला और बठिंडा में आयोजित संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की. इन बैठकों में उन्होंने बूथ स्तर तक पार्टी की मौजूदगी मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठनात्मक ढांचे को चुनावी जरूरतों के मुताबिक तैयार करने पर जोर दिया. बीजेपी नेतृत्व का फोकस खास तौर पर बूथ कमेटियों को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर पार्टी के जनाधार को बढ़ाने पर है.
बैठकों में चुनावी रणनीति, संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई. पार्टी की कोशिश है कि राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में मजबूत संगठन खड़ा किया जाए और ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंच बनाई जाए. बीजेपी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का भी आह्वान किया.
पंजाब में बीजेपी लंबे समय से अपने संगठन और राजनीतिक प्रभाव को विस्तार देने की कोशिश कर रही है. ऐसे में सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का दावा पार्टी की महत्वाकांक्षी रणनीति को दिखाता है। बीएल संतोष का दौरा इसी तैयारियों की कड़ी माना जा रहा है.
बीजेपी का लक्ष्य अब बूथ स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्र तक संगठन को सक्रिय कर चुनावी मैदान में उतरना है. पार्टी नेतृत्व का दावा है कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पंजाब में सत्ता हासिल की जाएगी.