लखनऊ: आईसीआईसीआई बैंक की अधिकारी दिव्या मिश्रा की उनके पति मानस द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में उनकी बहन और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या दिव्या की हत्या करने वाले मानस और उसकी बहन शीबा को किसी तीसरे व्यक्ति ने मारा है?
गुरुवार को दिव्या की हत्या के बाद पुलिस जब मानस को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची तो दो और लाशें मिलीं—मानस और उसकी बहन शीबा की. पुलिस का दावा था कि दिव्या की हत्या के बाद मानस ने बहन की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली. लेकिन प्रज्ञा मिश्रा ने आशंका जताई है कि मानस अकेला नहीं था और किसी तीसरे व्यक्ति का हाथ हो सकता है.
प्रज्ञा के उठाए सवाल
प्रज्ञा ने कहा कि यह ओपन-एंड-शट केस नहीं, बल्कि बहुत मिस्टीरियस केस है. उन्होंने पुलिस से पिस्टल के स्रोत सहित सभी पहलुओं की जांच की मांग की और कहा कि अगर जवाब नहीं मिले तो केस किसी अन्य एजेंसी को सौंपा जाए. पुलिस को मानस के कॉल डिटेल से भी किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने के संकेत मिले हैं. सोमवार को पुलिस टीम आईसीआईसीआई बैंक में भी जांच के लिए जाने वाली है.