इंदौर: चंडीगढ़ से इंदौर आ रहे 78 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी की ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में सोते समय चूहे ने नाक कुतर दी. रात करीब साढ़े 10 बजे हुई इस घटना में बुजुर्ग की नाक से खून बहने लगा. ट्रेन के इंदौर पहुंचने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा.
परिजनों के अनुसार एचपी करण अपनी सीट पर सो रहे थे. अचानक नाक में तेज दर्द महसूस होने पर नींद खुल गई. उन्होंने देखा कि नाक से खून निकल रहा है. आसपास देखने पर पता चला कि कोच में मौजूद चूहे ने उनकी नाक काट ली थी. अचानक हुई इस घटना से बुजुर्ग बुरी तरह सहम गए.
परिजनों ने तुरंत ट्रेन कर्मचारियों को जानकारी दी. उनका आरोप है कि कोच में पहले से ही चूहे और गंदगी की समस्या थी. सफर के दौरान शिकायत करने पर कर्मचारियों ने गंदगी तो साफ कर दी, लेकिन चूहों को हटाने या पेस्ट कंट्रोल जैसी कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई. कुछ समय बाद ही चूहे ने हमला कर दिया.
ट्रेन के इंदौर पहुंचने के बाद परिजन एचपी करण को कोकिलाबेन अस्पताल ले गए. डॉक्टरों ने चोट की जांच की और संक्रमण से बचाव के लिए उपचार शुरू किया. रेबीज से बचाव के लिए पहला इंजेक्शन भी लगाया गया है.
इस घटना ने ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों का कहना है कि रेलवे में सफाई को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन कोच में चूहों की मौजूदगी जैसी समस्या अभी भी बनी हुई है. कुछ समय पहले इंदौर एयरपोर्ट पर भी एक यात्री को चूहे द्वारा काटे जाने की घटना सामने आ चुकी थी.