पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मंच पर छात्रों के साथ फोटो और सेल्फी खिंचवाने के दौरान एक युवा छात्रा ने अचानक राहुल गांधी के गाल पर किस कर दिया. इसके बाद राहुल गांधी मुस्कुराते हुए छात्रा से कुछ देर बातचीत करते नजर आए और फिर अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ आगे बढ़ गए.
कार्यक्रम में क्या कहा राहुल गांधी ने?
पुणे के SSPMS मैदान में हुए इस कार्यक्रम का फोकस छात्राओं, महिला सुरक्षा, समानता और शिक्षा पर था. राहुल गांधी ने महिलाओं से पितृसत्तात्मक सोच के खिलाफ आवाज उठाने और ‘बी लाउड, बी प्राउड’ का मंत्र अपनाते हुए समाज में अपना हक हासिल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि महिलाओं को किसी के अधीन या किसी की संपत्ति मानने वाली मानसिकता को खत्म करना जरूरी है. महिला की पहचान खुद उसकी अपनी होती है.
राजनीतिक घमासान शुरू
इस आयोजन के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है. महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष केशव उपाध्याय ने कार्यक्रम को “राजनीतिक ड्रामा” करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने छात्रों के वास्तविक मुद्दों पर बात करने के बजाय सिर्फ लफ्फाजी की और भीड़ जुटाने के लिए कॉलेज की बसों से लोगों को लाया गया.
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सचिन सावंत ने पलटवार करते हुए कहा कि कार्यक्रम को मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन से सत्ताधारी गठबंधन घबरा गया है. उन्होंने राज्य प्रशासन की पाबंदियों के बावजूद युवाओं की ऐतिहासिक भागीदारी का जिक्र किया और नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की Gen Z से बातचीत पर निशाना साधा.