उत्तर प्रदेश में भेड़िए-तेंदुए के बाद अब लंगूर ने दी दस्तक

Global Bharat 06 Sep 2024 06:00: PM 1 Mins
उत्तर प्रदेश में भेड़िए-तेंदुए के बाद अब लंगूर ने दी दस्तक

उत्तर प्रदेश में इन दिनों वन्यजीवों का आतंक काफी ज्यादा बढ़ता जा रहा है. भेड़िए और तेंदुए के बाद अब लंगूर के आतंक ने लोगों को परेशान कर रखा है. वन विभाग की लापरवाही के कारण लंगूर को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं. ताजा घटना में दो और लोग लंगूर के हमले में घायल हो गए हैं, एक पुरे गांव में भय का माहौल बन गया है.

दरअसल वजीरगंज थाना क्षेत्र के सिंगठारा गांव में पिछले छह महीनों से एक लंगूर खुलेआम घूम रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि इस लंगूर ने अब तक छह से ज्यादा लोगों को घायल कर दिया है. वह लोगों पर अचानक हमला कर देता है, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. गुरुवार को लंगूर ने गांव के रहने वाले सुरजन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. इसी के साथ अजब सिंह भी लंगूर के हमले का शिकार हुए हैं. इससे पहले गांव के निवासी पिंटू को भी लंगूर ने घायल किया था, जिसमें प्रियांशु की टांग भी टूट गई थी.

लंगूर के इस आतंक से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई बार वन विभाग को सूचना दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. उनका कहना है कि विभाग के कर्मचारी गांव में आकर लंगूर को पकड़ने की बजाय मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं. इस लापरवाही के चलते ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है.

ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग जल्द से जल्द लंगूर को पकड़े और गांव को इस आतंक से मुक्ति दिलाए. अगर विभाग जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो ग्रामीण और भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. फिलहाल, गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं.

यानी बात साफ है यूपी के कई जिलों में वनजीवों का आतंक हद से ज्यादा बढ़ गया है. तेंदुए, भेड़िये के बाद अब लंगूर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसका आतंक साफ नजर आ रहा है. अब बस लोग चाहते हैं कि जल्द से जल्द उन्हें वनजीवों के आतंक से छुटकारा मिल जाए.

Recent News