Agra Russian Tourist Video : एक रूसी महिला पर्यटक द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया वीडियो चर्चा का विषय बन गया है. रूसी पर्यटक किरा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि आगरा की सड़कों पर पैदल चलना उनके लिए असहज अनुभव रहा. उन्होंने लिखा कि यमुना किनारा रोड पर पैदल घूमने के दौरान एक ऑटो चालक ने उनका पीछा किया और बार-बार परेशान करने की कोशिश की. किरा ने अपने पोस्ट में अन्य पर्यटकों को सलाह देते हुए लिखा, हमने आगरा की सड़कों पर पैदल चलने के बारे में सोचा, आप कभी मत करना.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई यूजर्स ने विदेशी पर्यटकों के साथ होने वाली घटनाओं पर चिंता जताई, जबकि कुछ लोगों ने वीडियो को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया.
मामले पर पुलिस प्रशासन ने भी प्रतिक्रिया दी है. एसीपी सुकन्या शर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की गई है. जांच में किसी तरह की छेड़छाड़, अभद्रता या फब्तियां कसने जैसी बात सामने नहीं आई. उनके अनुसार वीडियो को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया है. एसीपी ने कहा कि इस तरह के वीडियो बनाकर गलत संदेश फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है. एक तरफ पर्यटक अपने अनुभव को साझा कर रही हैं, वहीं पुलिस प्रशासन वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया मामला बता रहा है. ऐसे में सच्चाई को लेकर लोगों के बीच अलग-अलग राय देखने को मिल रही है।₹.