ताजमहल में साड़ी खुली तो दौड़ी खाकी, महिला कांस्टेबल ने जीत लिया विदेशी मेहमान का दिल

Global Bharat 14 Jul 2026 11:03: PM 1 Mins
ताजमहल में साड़ी खुली तो दौड़ी खाकी, महिला कांस्टेबल ने जीत लिया विदेशी मेहमान का दिल

आगरा: दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल का दीदार करने अर्जेंटीना से आई एक विदेशी महिला उस समय असहज स्थिति में आ गई, जब उसकी साड़ी अचानक खुलने लगी. भारतीय परिधान पहनकर ताजमहल घूमने पहुंची महिला को साड़ी ठीक से बांधनी नहीं आती थी. जैसे ही उसकी साड़ी ढीली हुई, वह घबरा गई और खुद को संभालने की कोशिश करने लगी.

वहीं ड्यूटी पर तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी की नजर इस घटना पर पड़ी. उन्होंने बिना देर किए विदेशी महिला के पास पहुंचकर उसे ढांढस बंधाया और बेहद सहजता व सम्मान के साथ उसकी साड़ी ठीक से संभालने में मदद की. कांस्टेबल के इस संवेदनशील व्यवहार से विदेशी महिला ने राहत की सांस ली और उनका आभार व्यक्त किया.

मौके पर मौजूद पर्यटकों ने भी महिला कांस्टेबल की सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की. कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. लोग यूपी पुलिस की इस संवेदनशील छवि की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

ताजमहल में हर साल लाखों विदेशी पर्यटक भारतीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने की इच्छा लेकर पहुंचते हैं. कई विदेशी महिलाएं भारतीय परिधान, खासकर साड़ी पहनकर स्मृतियां संजोना पसंद करती हैं. हालांकि साड़ी पहनना और संभालना उनके लिए आसान नहीं होता.

ऐसे में कांस्टेबल गुड्डी देवी का यह छोटा-सा लेकिन मानवीय कदम न केवल एक पर्यटक की मदद बना, बल्कि "अतिथि देवो भव:" की भारतीय भावना और यूपी पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली का भी सुंदर उदाहरण बन गया. सोशल मीडिया पर लोग इसे भारतीय संस्कृति, महिला सम्मान और पुलिस के मानवीय चेहरे की मिसाल बता रहे हैं.

Agra Taj Mahal News Argentina Tourist in India UP Police Guddi Devi Foreign Woman Saree Incident Taj Mahal Tourist Viral News

Description of the author

Recent News