टीम इंडिया के दिग्गज मिडिल आर्डर बल्लेबाजों में से एक अजिंक्य रहाणे को महाराष्ट्र सरकार से बड़ी सौगात मिली है. दरअसल रहाणे को मुंबई के बांद्रा में जमीन का एक भूखंड दिया गया है, जिसे क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने पहले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए प्राप्त किया था. इस नए परिसर में एक क्रिकेट अकादमी शामिल होगी.
आपको बता दें, महाराष्ट्र कैबिनेट के अनुसार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है. रहाणे को बांद्रा रीक्लेमेशन में 2,000 वर्ग मीटर की जमीन 30 सालों के लिए लीज पर दी जाएगी. गौरतलब हो ये जमीन पहले साल 1988 में सुनील गावस्कर को एक इंडोर क्रिकेट सेंटर बनाने के लिए आवंटित किया गया था. हालांकि सरकार ने साल 2022 को उनसे ये जमीन वापिस ले लिया. मौजूदा वक्त में यह भूखंड खराब स्थिति में है और आसपास के झुग्गी-झोपड़ी के निवासी इसे बेकार गतिविधियों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं.
महाराष्ट्र हाउसिंग और एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) द्वारा पहले इस भूखंड के आवंटन के लिए एक प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसे राज्य कैबिनेट ने सोमवार को मंजूरी दी. रहाणे ने इस भूमि आवंटन के लिए सरकार को इंस्टाग्राम पर धन्यवाद दिया.
आपको बता दें, अजिंक्य रहाणे ने 2011 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी. अब तक उन्होंने 195 मैचों में 8,414 रन बनाएं हैं, जिसमें 15 शतक और 51 अर्द्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 188 रन है. रहाणे की सबसे खास बात यह है कि वह टेस्ट मैचों में लंबी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 85 मैचों में 5,077 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 26 अर्द्धशतक शामिल हैं.
हाल ही में, रहाणे ने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में अपनी वापसी की थी. इसके अलावा, उन्होंने लीसेस्टरशायर के लिए वन डे कप और काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन टू में भी खेला है. तीन काउंटी चैंपियनशिप मैचों में उन्होंने 33.66 की औसत से 202 रन बनाए. रहाणे का क्रिकेट करियर काफी सफल रहा है, और अब वह इस नए अवसर के साथ क्रिकेट की नई ऊंचाइयों को छूने की तैयारी कर रहे हैं.