लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है. अखिलेश यादव के एक बयान पर जयंत चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि अखिलेश उन्हें इतना याद क्यों कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब खुद अखिलेश यादव ही बेहतर दे सकते हैं.
दरअसल, अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी और उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर तंज कसते हुए कहा था कि हमने चवन्नी का रुपया बना दिया. अखिलेश का यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई. इसके जवाब में जयंत चौधरी ने सीधे तौर पर अखिलेश यादव पर निशाना साधा.
जयंत चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव अपनी बात रखें तो बेहतर होगा. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के बयान केवल राजनीतिक विरोधियों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उन लोगों को भी सोचने पर मजबूर करते हैं जो आज अखिलेश के साथ खड़े हैं.
जयंत ने लोकतंत्र का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र है और जनता ही सभी को बनाती है. उनके इस बयान को अखिलेश यादव के लिए एक राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
दोनों नेताओं के बीच यह बयानबाजी ऐसे समय में सामने आई है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक दल अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटे हैं. अखिलेश यादव लगातार भाजपा सरकार और उसके सहयोगियों पर निशाना साध रहे हैं, वहीं जयंत चौधरी अब भाजपा के साथ राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा हैं.
‘चवन्नी का रुपया’ वाले बयान पर जयंत का जवाब इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे सपा और RLD के पुराने राजनीतिक समीकरणों और मौजूदा रिश्तों को लेकर बहस फिर तेज हो गई है.