हम यहां पकौड़ी खाने नहीं आए... दिशा की बैठक में भिड़े विधायक आशु मलिक व सांसद इमरान मसूद, हुई भयंकर बहस

Global Bharat 19 Aug 2026 12:03 PM 1 Mins
हम यहां पकौड़ी खाने नहीं आए... दिशा की बैठक में भिड़े विधायक आशु मलिक व सांसद इमरान मसूद, हुई भयंकर बहस

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक के बीच सियासी तनातनी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई. दिशा की बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस का वीडियो सामने आया है. बैठक में विधायक ने सड़क के निर्माण को लेकर सवाल उठाए थे, जिसपर मिले जवाब से असंतुष्ट थे. इस दौरान बोलने के तरीके और हस्तक्षेप को लेकर माहौल गर्म हो गया.

वायरल क्लिप में आशु मलिक की ओर से कहा गया कि हम यहां पकौड़े खाने नहीं आए हैं. इस पर इमरान मसूद ने पलटकर कहा कि आपको यहां पकौड़े कौन खिला रहा है. इसके बाद दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. मसूद ने बैठक में अनुशासन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बोलने के लिए चेयर से अनुमति ली जानी चाहिए और बीच में हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए.

इमरान मसूद और आशु मलिक के बीच यह टकराव नया नहीं है. पिछले कुछ समय से सहारनपुर में दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक वर्चस्व और क्षेत्रीय सक्रियता को लेकर मतभेद सामने आते रहे हैं. मई 2025 में आशु मलिक ने इमरान मसूद पर खुलकर निशाना साधते हुए उन्हें बीजेपी का स्लीपर सेल तक बताया था और चुनाव मैदान में मुकाबले की चुनौती दी थी. वहीं, मसूद भी कई मौकों पर आशु मलिक को लेकर तीखे बयान दे चुके हैं. उन्होंने कहा था कि अगर किसी को गलतफहमी है तो मुकाबला कर लिया जाए.

 दोनों के बीच विवाद की जड़ में सहारनपुर देहात क्षेत्र की राजनीतिक सक्रियता और नेतृत्व को लेकर खींचतान भी बताई जाती रही है. अब ताजा बैठक में हुई बहस ने सपा-कांग्रेस के बीच स्थानीय स्तर पर चल रही खींचतान को फिर चर्चा में ला दिया है. खास बात यह है कि दोनों दल राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी राजनीति में साथ हैं, लेकिन सहारनपुर में स्थानीय नेताओं की भिड़ंत गठबंधन की अंदरूनी चुनौतियों को उजागर करती रही है.

Imran Masood Ashu Malik Saharanpur Politics Pakodi Controversy SP-Congress Dispute

Description of the author

Recent News