लखनऊ: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के लिए 10 मिनट का अल्टीमेटम दे दिया है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पोस्ट नहीं हटाया तो उनके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कराई जाएगी.
अखिलेश ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के सांसदों की तरह विपक्ष के सांसदों को भी समान अधिकार हैं. उन्होंने दुबे से अपील की कि भगवान राम की मर्यादा, सामाजिक शिष्टाचार और संसदीय परंपराओं का सम्मान करते हुए झूठी पोस्ट हटा लें.
क्या है पूरा मामला?
निशिकांत दुबे ने अयोध्या चढ़ावा गड़बड़ी मामले के आरोपी टिन्नू यादव से जुड़ी पोस्ट साझा की थी. अखिलेश ने इसे PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को बदनाम करने की साजिश बताया. उन्होंने उन सभी लोगों को भी चेतावनी दी जिन्होंने इसी तरह के पोस्ट शेयर किए हैं, पोस्ट हटाकर सार्वजनिक माफी मांगें, वरना कानूनी कार्रवाई होगी. पुलिस टिन्नू यादव को मामले का मुख्य आरोपी मान रही है, जबकि उसकी पत्नी ने उसे निर्दोष बताया है.