लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर 'P' को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए ‘P’ के मतलब को लेकर तंज कसा. अखिलेश यादव ने कहा कि उनके एक साथी ने उनसे पूछा कि ‘P’ का मतलब पाकिस्तान होता है क्या.
अखिलेश ने इसी सवाल को BJP से जोड़ते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि अगर ‘P’ का मतलब पाकिस्तान है, तो BJP का मतलब क्या हुआ. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाग जा पाकिस्तान’ या ‘भाग जाओ पाकिस्तान. उनके इस बयान को बीजेपी की राजनीति और पाकिस्तान के मुद्दे पर उसके रुख पर सीधा कटाक्ष माना जा रहा है.
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी लगातार तेज हो रही है. बीजेपी और समाजवादी पार्टी एक-दूसरे पर लगातार हमलावर हैं. दोनों दलों की ओर से चुनावी तैयारियों के साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों को लेकर भी तीखे बयान सामने आ रहे हैं.
अखिलेश यादव इससे पहले भी बीजेपी पर पाकिस्तान और राष्ट्रवाद के मुद्दे को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते रहे हैं. वहीं बीजेपी विपक्ष पर राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाती रही है.
‘P’ को लेकर अखिलेश यादव का यह ताजा बयान अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है. राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर है कि बीजेपी इस तंज का क्या जवाब देती है. चुनावी माहौल के बीच नेताओं के ऐसे बयान आने वाले दिनों में सियासी तापमान और बढ़ा सकते हैं.