Lucknow Fire News : लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार पर लगे जमीन संबंधी आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि मोहन यादव को बदनाम करने के लिए भाजपा के भीतर ही साजिश रची जा रही है.
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि मोहन यादव पर जमीन को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भी सैकड़ों एकड़ जमीन लेने के आरोप पहले से चर्चा में रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है और भाजपा को अपने नेताओं की पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी है. सपा प्रमुख ने दावा किया कि ये आरोप अचानक सामने नहीं आए हैं, बल्कि इसके पीछे भाजपा की आंतरिक राजनीति काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि भाजपा तीन मुख्यमंत्रियों को बदलने का रास्ता तलाश रही है. उनके अनुसार मध्य प्रदेश और राजस्थान के मुख्यमंत्रियों को हटाने की तैयारी चल रही है और इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी हटाने की साजिश रची जा रही है. अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने ही नेताओं के खिलाफ माहौल बनाकर नेतृत्व परिवर्तन की जमीन तैयार कर रही है.
सपा प्रमुख ने भरोसा जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी की साइकिल इतनी तेज चलेगी कि सत्ता परिवर्तन अपने आप हो जाएगा. उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है.